
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई गई एक तस्वीर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। यह तस्वीर एक ब्राजीलियन मॉडल की बताई जा रही है, जिसने अब खुद एक वीडियो जारी करके कहा है कि भारत में उसकी फोटो का इस्तेमाल वोटर ID के रूप में किया गया है।
ब्राजीलियन मॉडल ने कहा- “मेरी तस्वीर से भारत में वोट डलवाए जा रहे हैं”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर वायरल वीडियो में महिला पुर्तगाली भाषा में बोलती दिख रही है। वह कहती हैं—
“दोस्तों, मैं आपको एक जोक सुनाती हूं। यह बहुत भयानक है! भारत में वोट देने के लिए मेरी तस्वीर का इस्तेमाल हो रहा है। मुझे भारतीय बताकर आपस में झगड़ा किया जा रहा है। मैं तो कभी भारत भी नहीं गई!”
वीडियो में खुद को लेरिसा बताने वाली इस महिला ने कहा कि वह अब मॉडल नहीं हैं, और यह तस्वीर उनके मॉडलिंग के शुरुआती दिनों (18-20 साल की उम्र) की है। उन्होंने बताया कि यह फोटो स्टॉक इमेज वेबसाइट से खरीदी गई थी और उनकी अनुमति के बिना इस्तेमाल की गई।
राहुल गांधी ने कहा था— “एक महिला ने हरियाणा में 22 वोट डाले”
राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसी महिला की तस्वीर दिखाते हुए कहा था कि “हरियाणा में एक महिला ने 10 बूथों पर अलग-अलग नामों से 22 वोट डाले।” उन्होंने उस महिला का नाम नहीं बताया था।
स्टॉक वेबसाइटों पर मौजूद है यह तस्वीर
बताया जा रहा है कि यह तस्वीर अनस्प्लैश (Unsplash) और पेक्सेल्स (Pexels) जैसी स्टॉक फोटोग्राफी वेबसाइटों पर फ्री डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। दोनों साइटों से इसे 4 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। फोटो पहली बार 2 मार्च 2017 को अपलोड की गई थी।
फोटोग्राफर का नाम मैथ्यूस फरेरो (Matheus Ferrero) है, जो ब्राजील के बेलो होरिजोंटे शहर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने गलती से उन्हें मॉडल का नाम समझ लिया और यहां तक कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक कर लिए।
दैनिक भास्कर ने वीडियो की पुष्टि नहीं की
मॉडल लेरिसा का इंस्टाग्राम प्रोफाइल या आधिकारिक हैंडल अब तक नहीं मिला है। दैनिक भास्कर ने वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।








