
घटना स्थल: फतेहपुर गांव, जलालपुर थाना क्षेत्र
मृतका: नेहा, 14 वर्ष, पुत्री नंदलाल
शव मिला: सोमवार सुबह, घर से लगभग 500 मीटर दूर तालाब में
अंबेडकरनगर। जलालपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार सुबह तालाब में एक किशोरी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान नेहा (14) पुत्री नंदलाल निवासी फतेहपुर के रूप में हुई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि उसकी मौत किसी साजिश के तहत की गई है।
दो दिन से थी लापता
परिजनों के अनुसार, नेहा शनिवार को घर से यह कहकर निकली थी कि वह कोतवाली जलालपुर जाकर गांव के दीपक और उसकी मां की शिकायत दर्ज कराएगी, जो कुछ देर पहले घर पर झगड़ा करने आए थे। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला।
दो दिन की खोजबीन के बाद सोमवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तालाब में उसका शव दिखाई दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका की बहन सविता ने बताया कि नेहा तीन बहनों में सबसे छोटी थी। बड़ी बहन कविता की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती है। परिवार के अनुसार, नेहा का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर घर में कई बार विवाद हुआ था।








