महिलाओं ने प्रस्तुत किए स्वच्छता और जागरूकता के संदेश

अकबरपुर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद अकबरपुर और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वाधान में मंगलवार को रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ‘महिलाओं का स्वच्छता में योगदान’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वच्छता और मिशन शक्ति पर सुंदर चित्रकारी प्रस्तुत कर इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

महाविद्यालय परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर शेफाली सिंह ने किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अकबरपुर से स्वच्छ भारत मिशन जिला कार्यक्रम प्रबंधक हृदयानंद यादव, आईटीसी मिशन सुनहरा कल अर्बन कोऑर्डिनेटर राहुल यादव, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी जसवंत सिंह यादव और टीम के सदस्य आशीष शुक्ला, धीरज श्रीवास्तव, ज्ञान सिंह यादव, सत्यम अग्रहरि, आरजू, अंगद उपस्थित रहे।
मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट से सरिता निशा, शशि यादव, सोन कुमारी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

महिलाओं के योगदान पर जोर

अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने कहा कि महिलाएं घर और समुदाय दोनों में स्वच्छता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा—

“घरेलू स्तर पर महिलाएं घर और रसोई को साफ रखने की जिम्मेदारी संभालती हैं। पीने का पानी, खाना पकाने की जगह और बच्चों को स्वच्छता का महत्व सिखाना उनके योगदान का अहम हिस्सा है। सामुदायिक स्तर पर भी महिलाएं स्वच्छता की पहरेदार हैं, वे सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के अभियान चलाती हैं और दूसरों को भी प्रेरित करती हैं।”

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button