
लखनऊ। लखनऊ में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें फेसबुक और वॉट्सऐप के माध्यम से चार लोगों को शेयर ट्रेडिंग और गूगल रेटिंग के झांसे में फंसा कर करोड़ों रुपए की ठगी की गई। पीड़ितों ने निवेश का लालच देकर पैसा भेजा, लेकिन पैसा निकालने का प्रयास करने पर जालसाज फोन बंद कर देते थे।
फेसबुक ट्रेडिंग ठगी: 34.5 लाख का चूना
गोयल हाइट्स, फैजाबाद रोड निवासी व्यापारी असीम भल्ला ने बताया कि 15 अक्टूबर 2025 को उन्होंने फेसबुक पर UPSTOEX सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में डेली इनकम का लालच देकर लिंक दिया गया। लिंक पर रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें ओटीसी ट्रेडिंग के जरिए निवेश करने को कहा गया।
शुरुआत में मुनाफे का झांसा दिया गया, लेकिन बाद में जालसाजों ने कहा कि पैसा निकालने के लिए 10% प्रोफ़िट पहले जमा करना होगा। इस बीच असीम से 21 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच कुल 34 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए गए।
वॉट्सऐप ट्रेडिंग में 55 लाख की ठगी
मधुबन नगर, आलमबाग निवासी व्यवसायी ऋषि सिंह ने बताया कि सितंबर के पहले हफ्ते में उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से MH ALPHA TERMINAL नामक ट्रेडिंग एप में जोड़ा गया। एप में निवेश कराने के बाद 12 सितंबर से 24 अक्टूबर के बीच 11 ट्रांजैक्शन में लगभग 55 लाख 39 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए।
गूगल रेटिंग के नाम पर बेरोजगार से 8.68 लाख की ठगी
अवधपुरी, सर्वोदय नगर निवासी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 3 मई 2025 को वॉट्सऐप पर उन्हें गूगल रेटिंग वर्क का ऑफर मिला। पहले प्रति रेटिंग 150 रुपए देने का लालच दिया गया, बाद में 30-40% मुनाफे का झांसा देकर कुल 8 लाख 68 हजार 600 रुपए ठग लिए गए।
मोबाइल हैक कर 5.46 लाख की ठगी
कैलाशपुरी, आलमबाग निवासी अनूप कुमार ने बताया कि 1 नवंबर को वॉट्सऐप पर अज्ञात नंबर से एपीके फाइल आई। इसे खोलते ही मोबाइल हैंग हो गया। 1 नवंबर से 6 नवंबर के बीच उनके बैंक अकाउंट, यूपीआई और जीमेल से 5 लाख 46 हजार 403 रुपए की साइबर ठगी हुई।








