गैंगस्टर लॉरेंस का भाई अनमोल अमेरिका से भारत लाया गया

नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल को अमेरिका से डिपोर्ट कर बुधवार को दिल्ली लाया गया। एयरपोर्ट पर ही NIA ने उसे कस्टडी में ले लिया और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 11 दिन की NIA कस्टडी में भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिका से कुल 200 लोगों को डिपोर्ट किया गया है, जिनमें तीन भारतीय शामिल हैं। अनमोल के अलावा दो लोग पंजाब के हैं। अभी इनके बारे में और जानकारी सामने नहीं आई है।

अनमोल अप्रैल 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर फायरिंग मामले में वांटेड आरोपी है। इसके अलावा वह मुंबई में पिछले साल NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी भी रहा।

अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में भी सामने आया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनमोल को अमेरिका में अवैध तरीके से घुसने के कारण गिरफ्तार किया गया और उसे भारत भेजा गया। NIA ने उस पर ₹10 लाख का इनाम भी घोषित किया था।

बाबा सिद्दीकी के बेटे और NCP नेता जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से ईमेल मिला, जिसमें बताया गया कि अनमोल को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि अब उसे भारत लाकर उसके अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button