30 दिसंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय न्याय-सम्मेलन की तैयारी तेज

अम्बेडकर नगर (28 नवंबर 2025)। नेताजी सुभाष संगठन (NSS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित पाण्डेय शुक्रवार को अपने गृह जनपद अम्बेडकर नगर पहुँचे। क्षेत्र में आगमन के बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार अपने गाँव सिकन्दरपुर स्थित बाबा झारखंड महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अधूरे न्याय को पूरा करने के राष्ट्रीय अभियान को आगे बढ़ाने के लिए अपने क्षेत्र की ऊर्जा और आशीर्वाद आवश्यक है।

नेताजी की अस्थियों को भारत लाने का राष्ट्रीय विषय प्रमुख फोकस

अमित पाण्डेय ने बताया कि 30 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय न्याय-सम्मेलन ऐतिहासिक महत्व का होगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जापान के रेनकोजी मंदिर में संरक्षित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की अस्थियों को भारत लाकर त्रिवेणी संगम में राष्ट्र सम्मान के साथ प्रवाहित करने की राष्ट्रीय मांग को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि यह केवल संगठन का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश की भावनाओं, अस्मिता और ऐतिहासिक न्याय से जुड़ा विषय है। देश के करोड़ों नागरिक नेताजी के सम्मानित अंतिम संस्कार की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब इसे पूरा करने का समय आ गया है।

अम्बेडकर नगर से राष्ट्रीय आह्वान की शुरुआत

अमित पाण्डेय ने कहा,
“नेताजी का न्याय अधूरा है और इसे पूरा करना हम सबका नैतिक दायित्व है। मैं चाहता हूँ कि यह संदेश मेरे अपने जनपद अम्बेडकर नगर से देशभर तक पहुँचे।”

उन्होंने जिले के बुद्धिजीवियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और प्रशासन से इस राष्ट्रीय अभियान में शांतिपूर्ण और रचनात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि नेताजी के राष्ट्रसम्मान और उनके ऐतिहासिक योगदान को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button