
सम्मनपुर: ग्राम जैनापुर में जमीन विवाद के चलते स्थानीय चक मार्ग को दबंगों ने जोत दिया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया। मामला सियाराम वर्मा और पड़ोसी रोहित विश्वकर्मा के बीच जमीन के पैमाइस को लेकर उभरा।
सूत्रों के अनुसार, सियाराम वर्मा पुत्र स्व. रामजियावन ने अपने खतौनी के गाटा संख्या 593 की हदबरारी धारा 24 से पत्थर गड़वाकर जमीन जोत दी। जब पड़ोसियों को पैमाइस के बारे में जानकारी हुई, तो वे संबंधित खेत में पहुंचे। पैमाइस की निशानदेही के दौरान जमीन के पूर्व में स्थित चक मार्ग से गुजरते हुए निशान रोहित विश्वकर्मा के खेत तक कराई गई।
पैमाइस के दौरान विवाद
पैमाइस के दौरान रोहित विश्वकर्मा ने निशानदेही का विरोध किया। आरोप है कि सियाराम ने रोहित को धमकाया और कहा कि निशान तक की जमीन उनकी है, इसे छोड़ दिया जाए। विवाद बढ़ने पर रोहित ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले की जानकारी ली। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं। थाने में हुई बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच अस्थायी सुलह हुई कि जमीन पर एक सप्ताह तक कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी।
सुलह का उल्लंघन, चक मार्ग जुताई
हालांकि, सुलह के तीसरे दिन ही आरोप है कि सियाराम वर्मा ने दबंगई दिखाते हुए ट्रैक्टर से चक मार्ग को जोत दिया। इस दौरान रोहित विश्वकर्मा के खेत में खड़ी धान की फसल को भी नुकसान पहुँचाया गया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और आवागमन प्रभावित हुआ।








