लखनऊ में स्टंटबाजी पर सख्त कार्रवाई

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले स्टंटबाजों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। ताजा मामला 1090 चौराहे के पास का है, जहां एक युवक ने चलती THAR की छत पर चढ़कर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में युवक रौबदार अंदाज में डायलॉग बोलते हुए दिखाई दे रहा है, जिसके बैकग्राउंड में आपत्तिजनक और उकसाने वाला संवाद चल रहा है।

बताया जा रहा है कि यह युवक रहीमाबाद थाना क्षेत्र के नत्थूखेड़ा निवासी दिलीप रावत है। उसने कार की छत पर खड़े होकर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही हजरतगंज के एसीपी विकास जायसवाल ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक की THAR को ट्रेस करना शुरू किया। कार नंबर के जरिए लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने वाहन को रोक लिया। पूछताछ के दौरान युवक पुलिस से उलझ गया। जब उसे नीचे उतारकर वायरल वीडियो के बारे में सवाल किए गए और वाहन के कागजात मांगे गए तो उसने दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने अधिकारों का हवाला देते हुए तेज आवाज में बहस करने लगा और मौके पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया और युवक से आगे की पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button