थूकने को लेकर शुरू विवाद बना हिंसक संघर्ष

अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अस्ताबाद गांव में घर के सामने थूकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दो पाटीदार परिवारों के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि दोनों पक्षों से कुल नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

घर के सामने थूकने पर शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 8:30 बजे गांव निवासी सीताराम की पत्नी शोभावती ने पाटीदार महेंद्र के घर के सामने थूक दिया। इस पर महेंद्र की पत्नी निशा ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से कुछ देर के लिए मामला शांत हो गया।

कुछ ही देर में दोबारा भड़का झगड़ा

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से गाली-गलौज शुरू हो गई। इस दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि सीताराम पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार निकाल लिए और हमला कर दिया। इस दौरान गांव में अफरातफरी मच गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर हमला

विवाद बढ़ता देख पड़ोसी शैलेश बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल शैलेश को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button