
अंबेडकर नगर। जिले में औद्योगिक विकास ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। प्रशासनिक स्तर पर समयबद्ध निर्णय, सरल प्रक्रियाएं और आधारभूत ढांचे के विस्तार के चलते जिला निवेशकों की प्राथमिक पसंद के रूप में उभर कर सामने आया है। बीते वर्षों में हुए निवेश समझौतों और धरातल पर उतरी परियोजनाओं से जिले की आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
2436 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, देश-विदेश के निवेशकों की भागीदारी
जिले में अब तक 362 निवेशकों के साथ 2436 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौते किए जा चुके हैं। इन निवेशकों में गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, केरल सहित अन्य राज्यों के साथ नेपाल के निवेशक भी शामिल हैं। यह जिले के प्रति बढ़ते भरोसे और प्रशासनिक व्यवस्था की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
224 औद्योगिक इकाइयों ने शुरू किया वाणिज्यिक उत्पादन
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत 244 औद्योगिक इकाइयों ने भागीदारी की थी, जिनमें से 224 इकाइयों ने उत्पादन प्रारंभ कर दिया है। इन इकाइयों में लगभग 1774 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इसके माध्यम से जिले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर रैंकिंग, एनओसी प्रक्रिया में तेजी
अंबेडकर नगर का प्रदर्शन मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर लगातार बेहतर बना हुआ है। जिला पिछले छह माह से शीर्ष चार जिलों में शामिल है। वहीं, एनओसी जारी करने के मामले में बीते पांच माह से प्रथम अथवा द्वितीय स्थान पर बना हुआ है। यह निवेशकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासनिक दक्षता को दर्शाता है।









