छोटे भाई ने पत्नी संग मिलकर बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या

लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर इलाके में सोमवार रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां संपत्ति के बंटवारे को लेकर छोटे भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात गोमती नगर विस्तार के खरगापुर इलाके में रात करीब साढ़े आठ बजे हुई।

मृतक की पहचान खरगापुर निवासी रामदेव (52) के रूप में हुई है। बताया गया कि रामदेव सब्जी खरीदने घर से निकले थे। इसी दौरान पंचायत भवन के पास उनके छोटे भाई मोनू ने पत्नी सीमा के साथ रास्ता रोक लिया और मकान में हिस्सा देने की मांग की। रामदेव के इनकार करने पर दोनों ने बांस के डंडे से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल रामदेव सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद मोनू उनके सीने पर चढ़ गया और लातों से कुचलता रहा। मारपीट देख आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी दंपती मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रामदेव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के बेटे जितेश ने बताया कि उनके मामा आंबेश की लंबी बीमारी के बाद सोमवार को मौत हो गई थी, जिसके चलते पूरा परिवार शोक में उनके घर गया हुआ था। इस बात की जानकारी चाचा मोनू को थी और इसी का फायदा उठाकर उसने अकेला पाकर हमला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button