लखनऊ में बाइक हादसा: बंथरा में युवक की दर्दनाक मौत

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक राहुल गौतम की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बबूल के पेड़ से टकरा गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक राहुल गौतम बंथरा के गुलाब खेड़ा के निवासी मजदूर महेश गौतम के पुत्र थे और खुद भी मजदूरी करते थे।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। राहुल अपनी बाइक से घर से लगभग 1 किलोमीटर दूर कासिम खेड़ा तिराहे पर दही लेने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में बाइक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बबूल के पेड़ से जा टकराई।

टक्कर के बाद राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें एम्बुलेंस से सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राहुल के परिवार में उनके पिता महेश गौतम, मां गुड़िया, दो बड़ी बहनें और एक बड़ा भाई शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button