‘ऑपरेशन आघात 3.0’: दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 285 अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट टीम ने ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ के तहत शुक्रवार रात बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 285 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी हेमंत तिवारी के अनुसार यह अभियान एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत चलाया गया।

पुलिस ने इस दौरान 504 लोगों को एहतियाती कार्रवाई में पकड़ा, जबकि 116 बदमाशों की धरपकड़ की गई। अभियान में 10 प्रॉपर्टी ऑफेंडर और 5 ऑटो लिफ्टर भी गिरफ्तार किए गए हैं।

तलाशी और छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 CMP, 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू बरामद किए। इसके अलावा 12,258 क्वॉर्टर अवैध शराब, 6.01 किलो गांजा और ₹2,30,990 नकद जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन भी बरामद हुए हैं।

डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान 1,306 लोगों को रोककर पूछताछ की गई, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

गौरतलब है कि ऑपरेशन आघात दिल्ली पुलिस का एक विशेष अभियान है, जिसे संगठित अपराध, नशा तस्करी, अवैध शराब, जुआ और हथियारों से जुड़े अपराधों पर रोक लगाने के लिए चलाया जाता है। यह अभियान खासतौर पर नए साल और त्योहारों से पहले रातभर छापेमारी और सघन जांच के रूप में चलाया जाता है।

इससे पहले

  • सितंबर 2025 (ऑपरेशन आघात 1.0): 70 से ज्यादा गिरफ्तारियां, हथियार, ड्रग्स और कैश बरामद।
  • अक्टूबर 2025 (ऑपरेशन आघात 2.0): 500 से अधिक गिरफ्तारियां, 31 हथियार, 5.5 किलो गांजा और अवैध शराब जब्त की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button