इलाज के दौरान गर्भवती विवाहिता की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में मंगलवार सुबह इलाज के दौरान एक गर्भवती विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

मृतका की पहचान उन्नाव जिले के दही चौकी थाना क्षेत्र के सराय कटियार गांव निवासी प्रदीप कुमार की 23 वर्षीय पत्नी अंजली देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि अंजली डेढ़ माह की गर्भवती थी और पिछले करीब 15 दिनों से ब्लीडिंग की शिकायत के साथ बीमार चल रही थी।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब चार बजे प्रदीप अपनी पत्नी को बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में इलाज के लिए लेकर पहुंचे। अस्पताल में भर्ती होने के बाद सुबह करीब नौ बजे उपचार के दौरान अंजली की मौत हो गई।

अंजली की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची बंथरा पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को शांत कराया।

मृतका के पिता जयप्रकाश नारायण, निवासी टीका खेड़ा जमुका, थाना अचलगंज, उन्नाव ने बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पहले अपनी बेटी अंजली की शादी प्रदीप से की थी। गर्भवती होने के बाद अंजली का इलाज उन्नाव के एक अस्पताल में चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे रात में वहां से डिस्चार्ज कराकर प्रसाद हॉस्पिटल लाया गया था।

जयप्रकाश नारायण ने ससुराल पक्ष पर किसी तरह का आरोप लगाने से इनकार किया और कहा कि बेटी की मौत बीमारी के कारण हुई है। उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से भी मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।

Related Posts

अलमास टावर, लखनऊ में भव्य इफ्तार का आयोजन

रोज़ेदारों के साथ विभिन्न समुदायों की सहभागिता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश लखनऊ। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर बर्लिंगटन चौराहे स्थित अलमास टावर में शनिवार को एक भव्य, सुव्यवस्थित…

Continue reading
हलवासिया ग्रुप की 4 संपत्तियां कुर्क

27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश 27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश लखनऊ। राजधानी की कॉमर्शियल कोर्ट ने 27.98 करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े आर्बिट्रेशन मामले में…

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *