अंबेडकर नगर जिले में धान खरीद को लेकर पीसीयू के एक क्रय केंद्र पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। रामपुर राम पट्टी स्थित पीसीयू क्रय केंद्र पर तय समय और घोषित मानकों के विपरीत खरीद होने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर उठे सवालों के अनुसार केंद्र पर वास्तविक खरीद और अभिलेखीय खरीद के आंकड़ों में बड़ा अंतर बताया जा रहा है।
तय समय से पहले बंद हो रही खरीद
जानकारी के अनुसार, केंद्र पर धान खरीद सुबह करीब 11 बजे शुरू होती है और शाम लगभग 4 बजे बंद कर दी जाती है। नियमानुसार पूरे कार्यदिवस में खरीद होनी चाहिए, लेकिन यहां सीमित समय में ही प्रक्रिया रोक दी जाती है। इस दौरान केंद्र पर किसानों की मौजूदगी के बावजूद खरीद का दायरा सीमित रहने की बात कही जा रही है।
प्रतिदिन 50–60 क्विंटल की वास्तविक खरीद का दावा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पूरे दिन में केंद्र पर वास्तविक खरीद 50 से 60 क्विंटल के आसपास ही होती है। इसके बावजूद अभिलेखों में प्रतिदिन लगभग 300 क्विंटल धान की खरीद दर्ज होने की जानकारी सामने आ रही है। यही अंतर पूरे मामले को संदिग्ध बना रहा है।








