एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में मार्च से बाईपास सर्जरी की सुविधा शुरू

आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों के लिए मार्च से बाईपास सर्जरी की सुविधा शुरू होने वाली है। इसके लिए केंद्र सरकार से 2.15 करोड़ रुपए की हार्टलंग मशीन अगले महीने प्राप्त हो जाएगी।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इस मशीन के आने के बाद हृदय रोग के सभी प्रकार की सर्जरी अब कॉलेज में ही हो सकेंगी। आयुष्मान कार्डधारक और असाध्य रोग योजना के लाभार्थियों के लिए ऑपरेशन निशुल्क होंगे। अन्य मरीजों के लिए सर्जरी का शुल्क केवल आठ हजार रुपए होगा।

सीटीवीएस विभाग के डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि बाईपास सर्जरी तब की जाती है जब हृदय की नस ब्लॉक हो जाए। इस प्रक्रिया में पैरों में मौजूद अतिरिक्त नस का उपयोग कर ब्लॉकेज वाले हिस्से से पहले कट लगाकर नई नस जोड़ दी जाती है, जिससे हृदय के लिए रक्तसंचार सामान्य हो जाता है और मरीज की जान बच जाती है।

एसएन में बाईपास सर्जरी की सुविधा शुरू होने से मरीजों को निजी अस्पतालों में 3-4 लाख रुपए खर्च करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button