
मुरादाबाद। पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बिलारी तहसील के बिलारी और कुंदरकी ब्लॉक में 1.43 लाख से अधिक डुप्लीकेट वोटर पाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अब इन सभी वोटरों का सत्यापन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किया जाएगा।
बिलारी ब्लॉक की 98 ग्राम पंचायतों में कुल 2,06,055 मतदाता हैं। इनके लिए 127 मतदान केंद्र और 354 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इन सभी में से 62,261 वोटर डुप्लीकेट पाए गए हैं। वहीं, कुंदरकी ब्लॉक की 99 ग्राम पंचायतों में 2,40,966 मतदाता दर्ज हैं, जिनके लिए 156 मतदान केंद्र और 400 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां 78,779 मतदाता डुप्लीकेट पाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने डुप्लीकेट वोटरों के सत्यापन के लिए 31 जनवरी तक की समय सीमा निर्धारित की है। सत्यापन के दौरान बीएलओ मतदाताओं से उनका आधार कार्ड लेकर जानकारी को फीड करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि यह कदम पंचायत चुनाव में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।








