रांची: ED ऑफिस में मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

रांची। रांची के प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में मंगलवार को जांच के लिए पुलिस पहुंची। दरअसल, ED के दो अधिकारियों पर एक व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मौके पर सदर DSP और एयरपोर्ट थाना प्रभारी मौजूद रहे, जबकि सुरक्षा के लिहाज से ED ने सेंट्रल पुलिस फोर्सेस को बुलाया है। रांची पुलिस अब भी मामले की जांच कर रही है।

शिकायत किसने दर्ज कराई

पेयजल विभाग के कर्मचारी संतोष कुमार ने ED के दो अधिकारियों पर मारपीट, जानलेवा हमला, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए एयरपोर्ट थाना में FIR दर्ज कराई। मामले में ED के असिस्टेंट डायरेक्टर प्रतीक और असिस्टेंट शुभम को आरोपी बनाया गया है।

संतोष पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कैशियर हैं और उन पर शहरी जलापूर्ति योजना की राशि में से 20 करोड़ रुपए से अधिक के गबन का आरोप है। पहले उन्हें रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन अब वे जमानत पर जेल से बाहर हैं। इस घोटाले की जांच ED कर रही है।

घटना का विवरण

प्राथमिकी के अनुसार, संतोष को 12 जनवरी को सुबह 10 बजे ED कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश मोबाइल फोन पर दिया गया था। वे सुबह 9.45 बजे कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि दोपहर करीब 1.35 बजे असिस्टेंट डायरेक्टर प्रतीक ने उन्हें अपने केबिन में बुलाया, जहां पहले से शुभम मौजूद थे। पूछताछ के दौरान उनसे आरोप स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। मना करने पर कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई और गालियां दी गईं।

संतोष ने यह भी आरोप लगाया कि 16 जनवरी को दोबारा ED कार्यालय में पेश होने से संबंधित आवेदन जबरन लिखवाया गया। उन्हें रात 10.45 बजे तक कार्यालय में रोके रखा गया, ताकि वे घटना की जानकारी अपने परिवार, वकील, थाना या मीडिया को न दे सकें। छोड़ते समय भी उन्हें और उनके परिवार को जेल भेजने की धमकी दी गई।

पुलिस जांच

एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि घटना की वास्तविकता और आरोपों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button