लखनऊ यूनिवर्सिटी में BAPSA और ABVP के छात्रों में हिंसक झड़प

BAPSA ने रोहित वेमुला की याद में “रोहित स्मृति यात्रा” निकाली

ABVP के छात्रों के साथ नारेबाजी और बहस तेज होने पर मारपीट हुई

छात्रों ने नारे लगाए: ‘रोहित हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार को बिरसा अंबेडकर फुले छात्र संगठन (BAPSA) और ABVP के छात्रों के बीच जमकर झड़प हुई। BAPSA ने रोहित वेमुला की याद में “रोहित स्मृति यात्रा” निकाली, लेकिन छात्रों और ABVP के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और बहस तेज हो गई।

मारपीट की घटना उस समय शुरू हुई जब BAPSA के छात्र विश्वविद्यालय के अंबेडकर प्रतिमा के पास एकत्र हुए और नारे लगाने लगे, जिनमें ‘रोहित हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ शामिल थे। दोनों ओर से तेज नारेबाजी और भड़काऊ नारे लगाए जाने के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस को बीच-बचाव कर छात्रों को अलग करना पड़ा।

BAPSA ने लिखित बयान में आरोप लगाया कि ABVP और RSS के कुछ लोग छात्रों पर हमला कर रहे थे और मार्च रोकने की कोशिश की। एक छात्र को गंभीर चोट भी आई। इस मार्च में मानव रावत, अंकित गौतम, अश्वनी कुमार, अमितेश पाल, सुबेंदु रावत, अजितेंद्र आजाद और अमित कुमार समेत कई छात्र शामिल थे।

दूसरी ओर, अंग्रेजी विभाग के शोध छात्र राधेश्याम पांडेय ने हसनगंज कोतवाली में शिकायत दी है कि BAPSA के कार्यकर्ताओं ने उन पर जानलेवा हमला किया। पीड़ित ने बताया कि वे प्रशासनिक भवन की ओर जा रहे थे, तभी मार्च निकाल रहे छात्रों ने उन पर हमला कर दिया। BAPSA अध्यक्ष शिखर दास सहित करीब 20 अन्य छात्रों के खिलाफ पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button