गोसाईंगंज में सड़क हादसा, पान विक्रेता की मौत

लखनऊ। गोसाईंगंज इलाके में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पान विक्रेता की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब तीनों मोटरसाइकिल से ससुराल से घर लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, गोसाईंगंज के मटेरा गांव निवासी श्रीपाल (50) गंगागंज कस्बे में पान की दुकान चलाते थे। मकर संक्रांति के अवसर पर वह अपनी पत्नी रमा के साथ मोहनलालगंज स्थित ससुराल गए थे। शुक्रवार दोपहर वह पत्नी रमा और साली राम जानकी (निवासी बहरौली) के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। राम जानकी को भी रास्ते में उनके घर छोड़ना था।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डेहरा मऊ अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पीजीआई ट्रॉमा सेंटर-2 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी रमा और साली राम जानकी का इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार, श्रीपाल के परिवार में एक विवाहित बेटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button