महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश में निधन, पांच की मौत

पुणे/बारामती। महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर चार्टर्ड प्लेन क्रैश में निधन हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत कुल 5 लोगों की जान गई

सूत्रों के अनुसार, पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए चार रैलियों को संबोधित करने वाले थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे। केंद्रीय एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने बताया कि पायलट ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया, इसलिए विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाया गया।

पहली लैंडिंग प्रयास विफल होने के बाद रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से पहले ही गिर गया और उसमें आग लग गई। पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल या ‘मेडे’ कॉल नहीं दिया।

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस बारामती पहुंच गए हैं। उन्होंने राज्य में आज स्कूलों की छुट्टी और 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में गुरुवार सुबह 11 बजे होगा।

अजित पवार के परिवार में चाचा शरद पवार, पत्नी सुनेत्रा, दोनों बेटे और बहन सुप्रिया सुले भी बारामती पहुंच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button