
अम्बेडकरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रीय आविष्कार योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और तकनीक पर आधारित विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक अवधारणाओं के साथ उनके व्यावहारिक उपयोग को प्रदर्शित किया।
प्रदर्शनी में ऊर्जा संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, सोलर तकनीक, अपशिष्ट पदार्थ प्रबंधन जैसे विषयों पर आधारित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही एंटी-सुसाइड फैन और ब्लड ग्रुप चेक मशीन जैसे नवाचार आधारित मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। छात्रों ने अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उससे होने वाले लाभों की जानकारी दी।
बीआरसी स्तर से चयनित मॉडल हुए शामिल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय आविष्कार योजना के तहत यह विज्ञान प्रदर्शनी जनपद स्तर पर आयोजित की गई है। प्रदर्शनी में शामिल होने से पहले विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयों में मॉडल तैयार किए। इसके बाद ब्लॉक रिसोर्स सेंटर स्तर पर मूल्यांकन के माध्यम से मॉडलों का चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीआरसी से पांच-पांच विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों ने इस प्रदर्शनी में अपने मॉडल प्रस्तुत किए, जिससे छात्रों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमता सामने आई।
श्रेष्ठ मॉडलों को मिलेगा पुरस्कार
प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल की संस्तुति पर पांच सर्वश्रेष्ठ मॉडलों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। चयनित मॉडल मंडल स्तर पर आयोजित होने वाली विज्ञान प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।









