
अंबेडकर नगर। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में जनपद अंबेडकर नगर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इसी क्रम में माह के 30वें दिन शुक्रवार को टांडा तहसील क्षेत्र के सम्हरिया चौराहे पर वृहद हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगभग 2000 हेलमेट वितरित किए गए।
डीएम की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
सम्हरिया चौराहे पर आयोजित हेलमेट वितरण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर तथा उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) अयोध्या राजकुमार सिंह की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को आवश्यक बताते हुए इस तरह के अभियानों को दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
सीएसआर कोष से उपलब्ध कराए गए हेलमेट
हेलमेट का वितरण एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट तथा मिझौड़ा चीनी मिल द्वारा सीएसआर कोष के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए हेलमेटों से किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशासन के अनुसार सभी तहसीलों में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशासन और विभागों की रही सहभागिता
टांडा में आयोजित कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी टांडा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह, एनटीपीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट टांडा के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी, यातायात उप निरीक्षक जय बहादुर यादव सहित परिवहन और पुलिस विभाग के अन्य स्टेकहोल्डर विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखा गया।









