विद्यार्थियों को मिले विषयवार अध्ययन और उत्तर लेखन के सुझाव

अम्बेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर विद्यार्थियों की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जीजीआईसी जलालपुर की सामाजिक विज्ञान शिक्षिका अनुपमा सिंह ने छात्रों को विषय आधारित अध्ययन रणनीति और परीक्षा उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान ऐसा विषय है, जिसमें योजनाबद्ध पढ़ाई, नियमित अभ्यास और स्पष्ट प्रस्तुति से बेहतर अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।

अनुपमा सिंह ने विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक को अध्ययन का मुख्य आधार बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुस्तक में दी गई परिभाषाएं, तिथियां, तथ्य और घटनाक्रम परीक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इन्हें समझकर पढ़ने और प्रत्येक अध्याय के संक्षिप्त बिंदुवार नोट्स तैयार करने से विषय पर पकड़ मजबूत होती है। नियमित अंतराल पर इन नोट्स का पुनरावृत्ति करना भी आवश्यक बताया गया।

उत्तर लेखन और प्रस्तुति पर विशेष ध्यान

शिक्षिका ने कहा कि केवल विषय ज्ञान पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उत्तर लिखने की शैली भी अंकों को प्रभावित करती है। उत्तर साफ, क्रमबद्ध और स्पष्ट भाषा में लिखने से परीक्षक को उत्तर समझने में सुविधा होती है। आवश्यक तथ्यों और मुख्य बिंदुओं को रेखांकित करने से उत्तर प्रभावी बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को घर पर उत्तर लेखन का नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।

मानचित्र कार्य और वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की तैयारी

सामाजिक विज्ञान में मानचित्र कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है। प्रतिदिन कम से कम दस मिनट मानचित्र अभ्यास करने से परीक्षा में त्रुटियां कम होती हैं। साथ ही बहुविकल्पीय प्रश्नों की तैयारी पर भी जोर दिया गया। छात्रों को प्रतिदिन कम से कम बीस प्रश्नों का अभ्यास करने और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करने की सलाह दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button