लखनऊ में 22 फरवरी से शुरू होगा ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज

लखनऊ। लखनऊ में गोमतीनगर से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज 22 फरवरी से चालू हो जाएगा। इसका औपचारिक लोकार्पण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस कॉरिडोर के खुलने के बाद डालीगंज से गोमतीनगर का सफर महज 5 से 7 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे रोजाना एक लाख से अधिक लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

समतामूलक से निशातगंज तक काम पूरा

एलडीए की ग्रीन कॉरिडोर योजना के दूसरे फेज में समतामूलक चौराहे से निशातगंज तक का काम पूरा हो चुका है। निशातगंज चौराहे की रि-डिजाइनिंग भी लगभग पूरी है, केवल फिनिशिंग का काम बाकी है।

आगे बीरबल साहनी मार्ग से हनुमान सेतु तक सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण का काम पूरा हो चुका है। यहां फ्लाईओवर का निर्माण भी पूरी तरह समाप्त हो गया है, जबकि चौराहे का काम अंतिम चरण में है। हनुमान सेतु से डालीगंज तक भी फ्लाईओवर तैयार है और चौराहे की रि-डिजाइनिंग का काम जारी है।

समतामूलक से निशातगंज तक का हिस्सा करीब एक महीने से तैयार था, लेकिन लोकार्पण के इंतजार में बंद रखा गया था। अब पूरे रूट को एक साथ खोला जाएगा।

पहले फेज का भी होगा औपचारिक लोकार्पण

ग्रीन कॉरिडोर के पहले फेज का काम आईआईएम से पक्का पुल तक पहले ही पूरा हो चुका है और डेढ़ साल से ट्रैफिक चल रहा है, लेकिन औपचारिक लोकार्पण नहीं हुआ था। 22 फरवरी के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले और दूसरे फेज दोनों का लोकार्पण करेंगे।

एलडीए के वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि समतामूलक चौराहे से डालीगंज तक पूरे रूट का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे फेज पर आवागमन शुरू हो जाएगा, जिससे शहर की बड़ी आबादी को सीधा फायदा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button