अनुपस्थित छात्रों की कॉपियां कॉलेज परिसर में लिखे जाने की चर्चा

अंबेडकरनगर। बीएनकेबी पीजी कॉलेज, अकबरपुर में आयोजित एलएलबी परीक्षा को लेकर गंभीर और चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं। सीबी सिंह लॉ कॉलेज का परीक्षा केंद्र बने इस महाविद्यालय में 30 जनवरी से 05 फरवरी तक चली परीक्षाओं के दौरान कथित तौर पर ऐसे छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं लिखे जाने का दावा किया जा रहा है, जो परीक्षा कक्ष में उपस्थित ही नहीं थे। आरोप है कि यह पूरा काम कॉलेज परिसर के भीतर सुनियोजित तरीके से किया गया।

अनुपस्थिति के बावजूद उत्तर पुस्तिकाएं लिखे जाने का दावा
सूत्रों के अनुसार, एलएलबी तीन वर्षीय और पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के कुछ छात्र परीक्षा के दौरान गैरहाजिर रहे, इसके बावजूद उनकी उत्तर पुस्तिकाएं नियमित रूप से भरी गईं। चर्चा है कि ये कॉपियां परीक्षा केंद्र के भीतर ही लिखी गईं और बाद में मूल्यांकन के लिए भेजी गईं। यदि यह तथ्य जांच में सही पाया जाता है, तो यह परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।वायरल फोटोज की पुष्टि दैनिक समाचार पत्र तमसा संकेत नहीं करता है।

प्रति छात्र 25 हजार रुपये की ऑनलाइन वसूली का आरोप
मामले में सबसे अहम पहलू कथित ऑनलाइन लेन-देन का है। आरोप है कि ‘परीक्षा में सुविधा’ दिलाने के नाम पर प्रति छात्र 25 हजार रुपये लिए गए। हाल ही में तीन छात्रों से कुल 75 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह रकम सीधे कॉलेज से जुड़े एक मैनेजर के खाते में भेजी गई।

लेन-देन के स्क्रीनशॉट वायरल होने की चर्चा
सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े स्क्रीनशॉट वायरल होने की चर्चा है। हालांकि अभी इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन डिजिटल भुगतान का दावा पूरे प्रकरण को और गंभीर बना रहा है। यदि इन दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच होती है, तो कई परतें खुल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button