
लोकसभा में लगातार दूसरे दिन हंगामा
दो बार में सिर्फ 10 मिनट चली कार्यवाही
लोकसभा 9 फरवरी तक स्थगित
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को भी लोकसभा में जमकर हंगामा और नारेबाजी देखने को मिली। विपक्षी दलों के शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही पहली बार मात्र 3 मिनट और दूसरी बार 7 मिनट ही चल सकी। इसके बाद लोकसभा को 9 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
सदन में लगातार हो रहे हंगामे के कारण कोई भी महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो सका। विपक्ष की नारेबाजी और विरोध के चलते स्पीकर को कई बार कार्यवाही रोकनी पड़ी। स्थिति को संभालने की कोशिश के बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाए।
इस बीच केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें भी प्रधानमंत्री की ‘पाठशाला’ में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बच्चों को जीवन में सफल होने के तरीके बता रहे हैं, और अगर राहुल गांधी भी उनसे सीख लें तो उन्हें भी सफलता मिलेगी।
गौरतलब है कि गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को हंगामे के बीच पारित कर दिया गया था। लोकसभा में यह प्रस्ताव वर्ष 2004 के बाद पहली बार प्रधानमंत्री के भाषण के बिना ही पास हुआ। हालांकि, राज्यसभा में पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।
लगातार हो रहे हंगामे से संसद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है, जिससे अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। राजनीतिक दलों के बीच टकराव के कारण सत्र का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।









