सरोजनी नगर में दवा कारोबारी से 30 लाख की रंगदारी मांगी गई

कुख्यात बिश्नोई गैंग के नाम से भेजा गया धमकी भरा पत्र

कारोबारी गौरव बत्रा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

बंद लिफाफे में मिली धमकी, रात में गार्ड को सौंपा गया

लखनऊ। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में दवा कारोबारी से कुख्यात बिश्नोई गैंग के नाम पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चिनहट के रोहित रेजिडेंसी, विकल्प खंड निवासी गौरव बत्रा सरोजनी नगर के हिन्द नगर, कानपुर रोड स्थित करुण इंटरप्राइजेज में प्रबंधक हैं। गौरव बत्रा के मुताबिक, 30 जनवरी 2026 की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब वे अपने कार्यालय पहुंचे, तो वहां तैनात गार्ड सत्य नारायण ने उन्हें एक बंद लिफाफा सौंपा। लिफाफे के ऊपर उनका नाम लिखा हुआ था।

गार्ड ने बताया कि रात के समय एक अज्ञात व्यक्ति लिफाफा देकर गया था और इसे सुबह मालिक को देने के लिए कहा था। जब गौरव बत्रा ने लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र मिला। पत्र में 30 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी मिलने से दहशत में आए कारोबारी ने तुरंत सरोजनी नगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button