लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक हिट एंड रन मामले में पुलिस ने 12वीं के छात्र गौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी तेज रफ्तार से कार चलाते हुए दिख रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार में उसकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थी और दोनों फेयरवेल पार्टी से लौट रहे थे।
हादसा बंथरा इलाके के कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे मौजूद 6 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 साल के मासूम दीक्षांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक बच्चा उन्नाव का रहने वाला था और अपनी मां साधना के साथ ननिहाल में रहकर केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद अस्पताल पहुंची मां अपने बेटे के शव से कफन हटाते ही फफक पड़ी। वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार कुछ पल के लिए रुकी। इस दौरान कार में बैठी लड़की उतर गई, जबकि आरोपी छात्र कार लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है।








