नदेसर के पीसीएफ प्लाजा में भीषण आग, एक दर्जन दुकानें जलकर राख

वाराणसी। शहर के नदेसर स्थित पीसीएफ प्लाजा में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई।

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक गैलरी में आग लगी, जहां करीब एक दर्जन दुकानें संचालित थीं। इन दुकानों में कंप्यूटर, लैपटॉप, वायर और इलेक्ट्रॉनिक सामान रखे थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग लगते ही दुकानदार अपनी जान बचाकर मौके से भागे।

दुकानदारों के अनुसार इस घटना में करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फायर ब्रिगेड चेतगंज के प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि एक दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button