लखनऊ में युवक की गला रेतकर हत्या, सुनसान मैदान में मिली लाश

लखनऊ। लखनऊ के चिनहट इलाके में युवक की गला रेतकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव खून से लथपथ हालत में सुनसान मैदान में पड़ा मिला। मौके से शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मिलने के बाद पुलिस दोस्तों पर शक जता रही है।

मृतक की पहचान चिनहट के कल्याणी बिहार कॉलोनी निवासी रितेश सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से टाइल्स कारीगर था। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार शाम घर से बिना बताए दोस्तों के साथ घूमने निकला था।

परिजनों के अनुसार, रात करीब 7:45 बजे मां ने रितेश को फोन किया तो उसने बताया कि वह निशातगंज में है, जिसके बाद फोन कट गया। इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया।

स्थानीय लोगों ने चिनहट के हरदासीखेड़ा स्थित मैदान में रितेश को गंभीर हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर एक बाइक मिलने के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। साथ ही वहां से शराब, कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे आशंका है कि रितेश अपने परिचितों के साथ वहां बैठा था और किसी विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मामले में देर रात दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button