
कानपुर। कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कानपुर-सागर हाईवे पर शम्भूहा पुल के पास ट्रक और प्राइवेट बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गए।
14 लोग घायल, 9 की हालत गंभीर
हादसे में बस में सवार कुल 14 लोग घायल हो गए। घायलों में कमल सिंह (40), पीर अली (55), अपहान (3), नफीस (33), अरशद (12), सबाना (32), दीपू (30), शाहीन (35), जावेद (38) समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
सूचना मिलते ही कानपुर की बिधनू और सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए बिधनू सीएचसी भेजा गया।
प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 9 घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं कुछ घायल निजी अस्पतालों में इलाज के लिए चले गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस, ट्रक और डंपर तीनों ही नियंत्रण खो बैठे और हाईवे किनारे खड्ड में पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस जांच में जुटी
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह के अनुसार, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।








