
अंबेडकरनगर: गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से जुड़ी औद्योगिक गलियारा परियोजना के लिए जिले में भूमि अर्जन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। प्रशासन ने तहसील जलालपुर के तीन गांवों की जमीन अर्जन के लिए प्रस्तावित की है। इस संबंध में सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट तैयार कर सार्वजनिक कर दी गई है।
तीन गांवों की भूमि प्रस्तावित
परियोजना के तहत ग्राम नूरपुरकला, गौरीबड़ाह और अजमलपुर की भूमि अर्जित की जानी है। यह कार्य उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा संचालित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए किया जा रहा है।
सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट तैयार
भूमि अर्जन से पहले आवश्यक प्रक्रिया के तहत सामाजिक समाघात आकलन रिपोर्ट और प्रबंधन योजना तैयार की गई है। यह रिपोर्ट नामित एजेंसी एटलस मैनेजमेंट कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, रांची द्वारा तैयार कर प्रशासन को सौंप दी गई है।
अधिनियम के तहत प्रक्रिया जारी
यह पूरी कार्रवाई ‘भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम 2013’ और उत्तर प्रदेश नियमावली 2016 के तहत की जा रही है। अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार भूमि अर्जन से पहले प्रभावित पक्षों को जानकारी देना जरूरी होता है।
लोगों के लिए रिपोर्ट उपलब्ध
जिलाधिकारी ने जानकारी दी है कि प्रस्तावित भूमि से जुड़े सभी लोग सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट का अवलोकन कर सकते हैं। यह रिपोर्ट संबंधित ग्राम पंचायत, परगना मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय और जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
हितधारकों को दी गई सूचना
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों की भूमि इस परियोजना में प्रस्तावित है, वे रिपोर्ट का अध्ययन कर अपनी आपत्तियां या सुझाव दे सकते हैं। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।








