
वाराणसी: वाराणसी पुलिस ने एक शातिर टप्पेबाज गैंग का खुलासा करते हुए 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं, जो गैंग बनाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों का तरीका बेहद चालाकी भरा था। ये लोग लग्जरी कार से बैंकों के आसपास रेकी करते थे और जो व्यक्ति नकदी लेकर बाहर निकलता, उस पर गंदा पानी या छोले का पानी डाल देते थे। इसके बाद सफाई के बहाने भीड़ इकट्ठा कर उनका ध्यान भटकाया जाता और साथी मौके से पैसे लेकर फरार हो जाता।
कैंट स्टेशन के पास हुई गिरफ्तारी
इस मामले में नितिन तनेजा (एसीपी कैंट) ने बताया कि कैंट थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सूचना मिलने पर कैंट रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर सभी 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।
गैंग बनाकर करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, यह गैंग अलग-अलग शहरों में जाकर होटलों में रुकता था और आसपास के बैंकों की रेकी करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति बड़ी रकम लेकर निकलता, उसे निशाना बनाया जाता।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों पर बिहार के कई जिलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। सभी को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।









