
अकबरपुर स्थित बीएनकेबी पीजी कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होगी। यह निर्णय प्राचार्य प्रो. शुचिता पांडेय के निर्देशन में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में डॉ. शिप्रा सिंह को प्रवेश समन्वयक नियुक्त किया गया।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार स्नातक स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, शिक्षा शास्त्र, भूगोल, राजनीति शास्त्र, मनोविज्ञान, इतिहास और गृह विज्ञान विषय उपलब्ध हैं। वहीं परास्नातक स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र और भूगोल विषयों में प्रवेश दिया जाएगा।
वोकेशनल और वैल्यू एडेड कोर्स भी उपलब्ध
महाविद्यालय में आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर एप्लीकेशन्स, योगा और फैशन डिजाइनिंग जैसे वोकेशनल कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वैल्यू एडेड कोर्स के तहत इसरो सर्टिफिकेट कोर्स भी चलाया जा रहा है।
छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए एनसीसी, एनएसएस और रोवर-रेंजर की सुविधा उपलब्ध है। कॉलेज में महिला छात्रावास, सीसीटीवी सुरक्षा, स्मार्ट क्लासरूम और पुस्तकालय जैसी व्यवस्थाएं भी मौजूद हैं।
मेरिट के आधार पर होगा प्रवेश
प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगी। इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश से जुड़ी सभी जानकारी, शुल्क संरचना और आवश्यक दस्तावेजों की व्यवस्था कॉलेज में उपलब्ध कराई गई है।









