
अम्बेडकरनगर के जलालपुर ब्लॉक की 12 ग्राम पंचायतों में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। यह आयोजन जन शिक्षण केंद्र की ओर से संचालित ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत “सावित्रीबाई फुले नारी संघ” द्वारा किया गया।
सुरहुरपुर, भस्मा, गुवापाकड़, आजनपारा, रुदौली माफी, रुदौली अदाई, करमिसिरपुर, सलाहुद्दीनपुर, भदोई टिकरी, सेठाकला और खालिसपुर भटौली सहित कई ग्राम पंचायतों में जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।
मुख्यालय पर भी हुआ
जन शिक्षण केंद्र मुख्यालय पर भी आंबेडकर जयंती मनाई गई। यहां बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों पर चर्चा की गई।
महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में संस्था की सचिव पुष्पा पाल ने कहा कि 14 अप्रैल केवल तिथि नहीं, बल्कि समानता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जीवनभर सामाजिक न्याय और समानता के लिए कार्य किया।
उन्होंने आंबेडकर के शिक्षा योगदान, संविधान निर्माण में भूमिका और महिलाओं के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला। ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। साथ ही शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से सशक्त बनने का आह्वान किया गया।









