
- हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटकी मिली छात्रा
- दरवाजा न खुलने पर साथी छात्राओं ने पुलिस को दी सूचना
- सुसाइड नोट नहीं मिला, वजह अब भी स्पष्ट नहीं
कानपुर। शहर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार शाम गूबा गार्डन स्थित एक हॉस्टल में हुई।
मृतका की पहचान बिहार के मुंगेर जिले की रहने वाली 23 वर्षीय नाजिया हसन के रूप में हुई है, जो मंधना स्थित Rama Medical College and Research Centre में बीडीएस फाइनल ईयर की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर साथी छात्राओं को संदेह हुआ। उन्होंने हॉस्टल संचालक और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर नाजिया फंदे पर लटकी मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
मृतका के पिता मोहम्मद हसन, जो बिहार में ब्लॉक कार्यालय से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, ने बताया कि एक दिन पहले ही उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी और वह पूरी तरह सामान्य लग रही थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने बेटी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के लिए जमीन भी खरीद ली थी और कोर्स पूरा होने के बाद उसे हॉस्पिटल खुलवाने की योजना थी।
हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के मुताबिक, गुरुवार को नाजिया कॉलेज से सीधे अपने कमरे में आई थी, जिसके बाद वह बाहर नहीं निकली। देर शाम तक कोई हलचल न होने पर घटना का पता चला।









