पुस्तैनी रास्ता बंद करने का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

एक माह से आवागमन बाधित, विरोध पर धमकी का आरोप

  • पुस्तैनी रास्ता बंद करने का आरोप
  • बांस-बल्ली लगाकर रोका गया आवागमन
  • विरोध पर धमकी मिलने का आरोप

अंबेडकरनगर के टांडा तहसील क्षेत्र के ग्राम मखदूम सराय में आबादी की जमीन पर बने पुस्तैनी रास्ते को बंद करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रास्ता खुलवाने और सुरक्षा देने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, गाटा संख्या 127 से लंबे समय से आवागमन होता रहा है। इसी रास्ते से नाली का उपयोग भी किया जाता था। आरोप है कि सटे गाटा संख्या 126 के सहारे कुछ लोगों ने कब्जे की नीयत से रास्ते को बांस-बल्ली और अन्य सामग्री रखकर बंद कर दिया।

पीड़ितों का कहना है कि इस मामले में थाना, तहसील और जिला स्तर पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि न्यायालय में प्रार्थना के बाद कुछ समय के लिए रास्ता खुला था, लेकिन बाद में फिर से बंद कर दिया गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे परिवारों में डर का माहौल है।

करीब एक माह से रास्ता बंद होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी टांडा से जांच कर तत्काल रास्ता और नाली खुलवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button