
- पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रात में बड़ा हादसा
- IAF लड़ाकू विमान की हार्ड लैंडिंग से रनवे हुआ ब्लॉक
- 11 घंटे तक फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित, 91 उड़ानें रद्द
महाराष्ट्र के पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात भारतीय वायुसेना (IAF) के एक लड़ाकू विमान की हार्ड लैंडिंग से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 10:30 बजे हुई इस घटना के बाद एयरपोर्ट का रनवे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिससे करीब 11 घंटे तक फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित रहा।
एयरपोर्ट डायरेक्टर संतोष धोके के मुताबिक, विमान को शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे रनवे से हटाया गया। हालांकि NOTAM (Notice to Airmen) का समय बढ़ाकर सुबह 9 बजे तक कर दिया गया था। इसके बावजूद सुबह 7:30 बजे के बाद धीरे-धीरे फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य होने लगा।
IAF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि विमान के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। रनवे की मरम्मत के बाद उसे उड़ानों के लिए फिट घोषित कर दिया गया है और दिन भर में ऑपरेशन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।
रनवे बंद रहने के कारण 5 एयरलाइंस की कुल 91 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 12 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। प्रभावित उड़ानों में इंडिगो की 65, एयर इंडिया की 6, स्पाइसजेट की 5, अकासा एयर की 5 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 10 फ्लाइट्स शामिल हैं।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, लैंडिंग के दौरान विमान का अंडरकैरेज (लैंडिंग गियर) खराब हो गया था, जिसके चलते वह रनवे पर टकरा गया और वहीं फंस गया। इस कारण रनवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संबंधित फाइटर जेट कौन सा था। अधिकारियों ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।









