
- अमर कॉलोनी इलाके में वारदात से हड़कंप
- गला घोंटकर हत्या की आशंका, चार्जिंग केबल मिला सुराग
- पूर्व नौकर पर परिवार का शक, आरोपी फरार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक वरिष्ठ IRS अधिकारी के घर में उनकी 22 वर्षीय बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, युवती के साथ पहले यौन उत्पीड़न किए जाने की आशंका है, जिसके बाद मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में परिवार ने घर के एक पूर्व नौकर पर शक जताया है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाला गया था। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय युवती घर में अकेली थी। परिजनों ने उसे घर के अंदर संदिग्ध हालत में पाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले में यौन उत्पीड़न की पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हर एंगल से जांच की जा रही है।









