
- Lucknow के पारा थाना क्षेत्र की घटना
- नशे में युवक ने दूसरे युवक का गाल दांतों से काटा
- बीच-बचाव करने आए दो लोगों पर भी हमला
दुबग्गा। राजधानी Lucknow के पारा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने दूसरे युवक पर बर्बर हमला करते हुए उसका गाल दांतों से काट लिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका मांस तक निकल आया।
मामला 17 अप्रैल का बताया जा रहा है। पीड़ित की पहचान जितेंद्र रावत के रूप में हुई है। आरोप है कि घटना वाले दिन आरोपी अखिलेश राजपूत नशे की हालत में जितेंद्र के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब जितेंद्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने ईंट-पत्थर से हमला शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान अखिलेश ने उसके बाएं गाल को दांतों से काट लिया, जिससे उसका मांस निकल आया और खून बहने लगा। इस बर्बरता से इलाके में दहशत फैल गई।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी पूरन राजपूत और अमर राजपूत ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। वह उन्हें भी काटने के लिए दौड़ा और ईंट-पत्थर फेंककर मारने लगा। दोनों को भी चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने ईंट उठाकर जान से मारने की कोशिश की और लगातार धमकियां देता रहा। तीनों किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे।
घटना के बाद पीड़ित परिवार लगातार थाने के चक्कर लगाता रहा। करीब एक सप्ताह बाद, 23 अप्रैल की रात पुलिस ने आरोपी अखिलेश राजपूत के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।









