आउट ऑफ स्कूल बच्चों के लिए विशेष प्रशिक्षकों का चयन शुरू

31 मार्च 2027 तक रहेगा कार्यकाल, 4000 रुपये मासिक मानदेय

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में आउट ऑफ स्कूल बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्रों पर विशेष प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई स्कूल शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा के निर्देशों के तहत की जा रही है।

Displaying Photo No.4.jpg

आवेदन प्रक्रिया और चयन व्यवस्था

विशेष प्रशिक्षक के लिए आवेदन फार्म विद्यालय, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रधानाध्यापक इनका प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे।
अभ्यर्थियों को आवेदन की एक प्रति विद्यालय स्तर पर और दूसरी प्रति खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी।

चयन प्रक्रिया विद्यालय प्रबंध समिति की चार सदस्यीय उपसमिति द्वारा पूरी की जाएगी। जहां पांच से अधिक आउट ऑफ स्कूल बच्चे चिन्हित होंगे, वहां एक विशेष प्रशिक्षक नियुक्त किया जाएगा।

सेवानिवृत्त शिक्षकों को प्राथमिकता

चयन में सबसे पहले सेवानिवृत्त शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी अनुपलब्धता में वॉलंटियर का चयन होगा।
वॉलंटियर के लिए डीएलएड, बीटीसी या बीएड उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को वरीयता मिलेगी। यदि ऐसे अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते, तो स्नातक उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा।

स्थानीय निवास और आयु सीमा अनिवार्य

वॉलंटियर के लिए संबंधित ग्राम पंचायत का निवासी होना जरूरी है।
आयु सीमा 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

मानदेय और अवधि

चयनित विशेष प्रशिक्षकों को 4000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। यह राशि विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा वहन की जाएगी।
इनकी नियुक्ति 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button