
अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर तहसील क्षेत्र में एक ठेकेदार की मनमानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना अनुमति के किसान की खतौनी की जमीन पर रात के समय जबरन रास्ता बना दिया गया।
मामला राजस्व ग्राम न्यूतरिया मुस्तफाबाद, गाटा संख्या 20 से जुड़ा है। अकबरपुर-बसखारी मार्ग के पास स्थित जमीन पर ठेकेदार ने रात के अंधेरे में करीब 16 फुट चौड़ा और लगभग 200 मीटर लंबा रास्ता बना दिया। किसान का आरोप है कि न तो पूर्व सूचना दी गई और न ही मिट्टी लेने की अनुमति ली गई।
नक्शे से ज्यादा चौड़ा बना दिया रास्ता
बताया गया कि राजस्व नक्शे में चक मार्ग की चौड़ाई 8 फुट दर्ज है, लेकिन मौके पर इसे 16 फुट तक बढ़ा दिया गया। आरोप यह भी है कि निर्माण के दौरान आसपास की संरचनाओं को नजरअंदाज किया गया।
किसानों ने मांगी क्षतिपूर्ति
पीड़ित अभिषेक तिवारी और अनुभव तिवारी ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जमीन के नुकसान की भरपाई कराने की भी मांग उठाई है।









