
- 76 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही परीक्षा
- 37,176 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना
- दोपहर 1:30 बजे बंद हुए परीक्षा केंद्रों के गेट
- परीक्षा एक पाली में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक
देशभर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित NEET-UG परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। लखनऊ में इस परीक्षा के लिए 76 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 37 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा, जिसके चलते समय से पहले ही गेट बंद कर दिए गए।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जा रही है। इसमें कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 720 अंक निर्धारित हैं। प्रश्न पत्र में बायोलॉजी से 90 प्रश्न जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री से 45-45 प्रश्न शामिल हैं।









