
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस लखनऊ से गुरुग्राम जा रही थी और उसमें ड्राइवर समेत 32 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे किलोमीटर 15.600 पर बस के पिछले टायर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते ही चालक हरेन्द्र वीर सिंह (निवासी खेरागढ़) ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे पीली पट्टी पर रोक दिया।
ड्राइवर और अन्य लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ यात्रियों ने अपना सामान बचा लिया, लेकिन कई लोगों का सामान बस में ही जलकर खाक हो गया।
हादसा फतेहाबाद क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही यूपीडा (UPEDA) के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बस में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे बस पूरी तरह जल गई।
गनीमत रही कि चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।









