बिजनेस : वोडाफोन आईडिया के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर करीब 4 प्रतिशत चढ़कर 11.24 रुपये तक पहुंच गया। इस उछाल की बड़ी वजह कंपनी के बोर्ड स्तर पर किए गए बड़े बदलाव माने जा रहे हैं।
कंपनी ने घोषणा की है कि Kumar Mangalam Birla को 5 मई 2026 से नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा। वह फिलहाल कंपनी में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की भूमिका निभा रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, बिड़ला लंबे समय से वोडाफोन-आइडिया की रणनीतिक और वित्तीय योजनाओं से जुड़े रहे हैं।
इस बदलाव के तहत मौजूदा चेयरमैन Ravinder Takkar ने पद छोड़ दिया है। हालांकि, वह नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरमैन के रूप में बोर्ड का हिस्सा बने रहेंगे। कंपनी का कहना है कि नए नेतृत्व से बोर्ड स्तर की निगरानी और निर्णय प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस फैसले से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। हालांकि कंपनी अब भी भारी AGR बकाया और स्पेक्ट्रम देनदारियों के दबाव में है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कंपनी पर हजारों करोड़ रुपये की देनदारी बढ़ गई थी। इसके बावजूद कंपनी टैरिफ बढ़ोतरी और नए फाइनेंशियल प्लान के जरिए स्थिति सुधारने की कोशिश में जुटी हुई है।









