
Surrey में बढ़ते उगाही और गैंगवार के मामलों के बीच सरे पुलिस सर्विस ने खालिस्तानी और एक्सटॉर्शन नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस ने कई संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए लोगों से जांच में सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ महीनों से पंजाबी कारोबारी, बिल्डर और ट्रांसपोर्ट व्यवसायी लगातार धमकी भरे कॉल और रंगदारी की मांग का सामना कर रहे थे। कई मामलों में कारोबारियों के घरों और दफ्तरों पर फायरिंग की घटनाएं भी सामने आईं। इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष एक्सटॉर्शन टिप लाइन शुरू की है ताकि लोग गुप्त रूप से जानकारी साझा कर सकें।
कई संदिग्धों पर गंभीर आरोप
जिन संदिग्धों की तस्वीरें जारी की गई हैं उनमें 20 वर्षीय भारतीय नागरिक प्राभजोत सिंह का नाम प्रमुख है। पुलिस को शक है कि वह उगाही नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। जांच के बाद उसे और लवबीर सिंह को कनाडा बॉर्डर सर्विस एजेंसी ने देश से बाहर भेज दिया है।
इसके अलावा हरजोत सिंह, तरनवीर सिंह और दयाजीत सिंह बिलिंग पर फायरिंग और गैंग गतिविधियों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने हर्षदीप सिंह और हंसप्रीत सिंह की तस्वीरें भी जारी की हैं, जिन पर अवैध हथियार रखने और खतरनाक ड्राइविंग के आरोप हैं।
पुलिस ने बनाया बड़ा रिवॉर्ड फंड
सरे प्रशासन ने इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर का रिवॉर्ड फंड तैयार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की सटीक जानकारी देने वालों को 1 लाख डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है।









