वैश्विक राहत संकेतों से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 380 अंक उछला

वैश्विक राहत संकेतों से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 380 अंक उछला

व्यापार : भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार 7 मई 2026 को शानदार तेजी देखने को मिली। मध्य पूर्व में तनाव कम होने और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों ने ग्लोबल मार्केट में सकारात्मक माहौल बनाया, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दिया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 380 अंकों की तेजी के साथ 78,339 पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी 67 अंक मजबूत होकर 24,398 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बाजार खुलते ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी बढ़ गई।

ऑटो और मेटल शेयरों में बढ़त

निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल इंडेक्स ने बाजार की तेजी को लीड किया। इसके अलावा हेल्थकेयर, एनर्जी, कमोडिटीज और डिफेंस सेक्टर के शेयरों में भी मजबूती रही। सेंसेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट और एशियन पेंट्स जैसे शेयर बढ़त में रहे।

हालांकि आईटी और बैंकिंग सेक्टर के कुछ शेयरों में दबाव भी दिखाई दिया। टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और आईटीसी जैसे शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।

एशियाई बाजारों में भी मजबूती का माहौल रहा। टोक्यो, शंघाई और हांगकांग समेत कई प्रमुख बाजार हरे निशान में कारोबार करते दिखे। अमेरिकी बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रही, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने बाजार में खरीदारी कर सपोर्ट दिया। निवेशकों की नजर अब अमेरिका-ईरान वार्ता और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button