लखनऊ में पानी की टंकी पर चढ़ी युवती

4 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

लखनऊ। लखनऊ के गोमती नगर इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। युवती को टंकी पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पति से विवाद के बाद उठाया कदम

गोमती नगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, युवती मूल रूप से Ayodhya की रहने वाली है। उसने लखीमपुर निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी से नाराज होकर युवती रविवार सुबह करीब 9 बजे विनीत खंड-5 स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई।

टंकी से कूदने की दे रही थी धमकी

टंकी पर चढ़ने के बाद युवती नीचे कूदने की धमकी देने लगी। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने यह देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले नीचे से ही युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं हुई।

पुलिस और फायर टीम ने संभाला मोर्चा

स्थिति गंभीर होती देख चौकी प्रभारी गुरप्रीत कौर समेत पुलिसकर्मी दीपक, सूर्या और विपिन के साथ फायर ब्रिगेड की टीम टंकी के ऊपर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। कई घंटे बीतने के बाद उसे वहीं खाना और पानी भी उपलब्ध कराया गया।

समझाने के बाद सुरक्षित उतरी युवती

करीब चार घंटे की बातचीत और समझाने के बाद युवती पुलिसकर्मियों की बात मान गई और सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button