40 लाख से ज्यादा कीमत के 201 मोबाइल बरामद

पुलिस लाइन सभागार में मोबाइल पाकर खिले चेहरे, सर्विलांस सेल की बड़ी कामयाबी

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर पुलिस की मोबाइल रिकवरी सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40.20 लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे।

पुलिस के मुताबिक, जिले में लगातार मिल रही मोबाइल गुम होने की शिकायतों के बाद पुलिस कार्यालय स्तर पर गठित मोबाइल रिकवरी सेल और सर्विलांस टीम ने अभियान चलाया। तकनीकी सहायता और सर्विलांस के जरिए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद संबंधित मोबाइल धारकों को सूचना देकर पुलिस लाइन बुलाया गया।

कई थाना क्षेत्रों से बरामद हुए मोबाइल

मोबाइल रिकवरी अभियान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया। सर्विलांस सेल ने लगातार ट्रैकिंग और तकनीकी जांच के माध्यम से गुम हुए मोबाइलों की लोकेशन निकाली। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 201 मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद मोबाइल संबंधित लोगों को सत्यापन के बाद सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने मोबाइल लेने पहुंचे।

एसपी बोलीं- तकनीक का सही इस्तेमाल जरूरी

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि मोबाइल फोन आज लोगों की जरूरत का अहम हिस्सा बन चुका है। मोबाइल गुम होने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में सर्विलांस सेल लगातार काम कर रही है और शिकायत मिलने पर मोबाइल ट्रैक कर बरामद किए जा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने मोबाइल में ‘संचार साथी’ एप डाउनलोड करें। इससे मोबाइल खोने की स्थिति में जरूरी जानकारी और सहायता मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button